गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में दीपावली के अगले दिन गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में शहीदों के सम्मान में भव्य आयोजन किया गया। ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने पहला दीप प्रज्ज्वलित कर अमर बलिदानियों को नमन किया। इसके बाद शहीदों के चित्रों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। 11 हजार दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा, वहीं देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया।
सीएम योगी ने जलाया पहला दीप
इस दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी के बीच शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीम सरोवर के समीप पहला दीप जलाकर ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद शहीदों को श्रद्धांजलि दी। देखते ही देखते मंदिर परिसर 11 हजार दीपों की सुनहरी रोशनी से जगमगा उठा।
भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने किया आयोजन
भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी ‘भाई’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुक्ताकाशी मंच पर देशभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों में जोश और राष्ट्रप्रेम का संचार किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रस्तुतियों के दौरान भावुक नजर आए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम संयोजक और भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष लोकगायक राकेश श्रीवास्तव और उनकी टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, जगद्गुरु संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा और कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार






















