गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर (Ghazipur) में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें बच्ची की मौत हो गई। दरअसल मुहम्मदाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिता अपनी बेटी के साथ दवा लेकर मुहम्मदाबाद से भरौली जा रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक बंदर के कूदने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और बच्ची सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार बच्ची के ऊपर चढ़ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बंदर की वजह से बच्ची की हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, सोमवार 9 नवंबर को करीब सुबह 11:30 बजे कमलेश कुमार अपनी छह साल की बेटी समीक्षा के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP60 AQ 1923 से मुहम्मदाबाद से भरौली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक बंदर के कूदने से मोटरसाइकिल पर बैठी बच्ची सड़क पर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रही वैगनआर कार संख्या UP16 BN 1028 बच्ची के ऊपर चढ़ गई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके पिता कमलेश कुमार को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया।
परिवार में पसरा मातम
वहीं बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छह वर्षीय मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






















