गोरखपुर: गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi) ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोपूजन करने के बाद मुख्यमंत्री ने गायों और गोवंश को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया।
इस दौरान उन्होंने गायों को नाम लेकर पुकारा और उन्हें दुलार भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। साथ ही गोवंश की नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि के लिए भी प्रयास करने होंगे।
हर हाल में करनी है गाय की रक्षा: सीएम योगी
गोपूजन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से अभिनव कार्यक्रम चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। सरकार का उद्देश्य है कि गायें सड़कों पर न भटकें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रखा जाए।
सीएम योगी ने बताया कि गोसंरक्षण के लिए सरकार तीन तरह की योजनाएं संचालित कर रही है। निराश्रित गोआश्रय स्थलों के संचालन के साथ सहभागिता योजना के तहत किसानों को गोशालाओं से गाय लेकर पालन-पोषण करने पर प्रति गाय 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गायें ले सकता है। इस तरह उसे प्रतिमाह छह हजार रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सकती है। वहीं, कुपोषित परिवारों को दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक-एक गाय दी जाती है और उसके रखरखाव के लिए भी 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।
गायों के संरक्षण के लिए सरकार की कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग और नगरीय क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से कान्हा उपवन संचालित किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं का मकसद निराश्रित गोवंश का संरक्षण करने के साथ किसानों और आम लोगों को होने वाली परेशानियों को दूर करना है।
उन्होंने कहा कि भारत कृषि और ऋषि प्रधान देश है। यहां की धार्मिक और कृषि परंपरा में गाय का विशेष महत्व रहा है। गोवर्धन पूजा इसी परंपरा का प्रतीक है। गाय अपने आप में समृद्धि का खजाना है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति में गोसेवा का महत्वपूर्ण स्थान है। जिस समाज में गाय और गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाते हैं, वहां सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























