Prayagraj: न्यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, उपचार पद्धतियों और शोध पर चर्चा के लिए यूपी-यूके न्यूरोकॉन 2026 का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक प्रयागराज में किया जाएगा। सम्मेलन का विषय “ब्रिजिंग द फ्यूचर: प्रिसिजन एंड प्रोग्रेस इन न्यूरोसाइंसेज” रखा गया है। मुख्य आयोजन स्टेनली रोड, मेयो हॉल क्रॉसिंग के निकट स्थित एएमए कन्वेंशन सेंटर में होगा। सम्मेलन का आयोजन प्रयागराज न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी तथा मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी एवं न्यूरो सर्जरी विभाग की ओर से किया जा रहा है। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय और आयोजन सचिव एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार गुप्ता हैं।
कब होगा सम्मेलन
सम्मेलन से पहले 13 नवंबर को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें आधुनिक स्पाइनल सर्जरी, दर्द प्रबंधन, एंडोवैस्कुलर तकनीक, ईईजी, ट्रांसक्रैनियल डॉप्लर और मूवमेंट डिसऑर्डर में बोटुलिनम टॉक्सिन इंजेक्शन जैसी तकनीकों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। 14 और 15 नवंबर को वैज्ञानिक सत्रों में ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी, एन्यूरिज्म, एवीएम, मिर्गी, स्ट्रोक, पार्किंसन, माइग्रेन, न्यूरोइन्फेक्शन और न्यूरोक्रिटिकल केयर जैसे विषयों पर चर्चा होगी। न्यूरोसर्जरी में रोबोट की भूमिका, एंडोस्कोपिक एवं कम चीरे वाली सर्जरी तथा उपचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर भी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। Prayagraj
न्यूरोलॉजी क्षेत्र में होगा विकास
14 नवंबर को दोपहर एएमए कन्वेंशन सेंटर में सम्मेलन का उद्घाटन समारोह होगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन के साथ युवा चिकित्सक भी भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान शोधपत्र और ई-पोस्टर प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के विशेषज्ञों तथा युवा चिकित्सकों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान करना है। आयोजन सचिव डॉ. पंकज गुप्ता ने देश-विदेश से आने वाले विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए इसे चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों को समझने का महत्वपूर्ण मंच बताया। Prayagraj
यह भी पढ़ें- Gorakhpur: मौत का चौराहा बना खपड़हवा, एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा

























