गोरखपुर: छठ महापर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर (Gorakhpur) होकर तीन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें गोरखपुर से दिल्ली के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन, लखनऊ से बरौनी के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन और नई दिल्ली से दरभंगा के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन शामिल है।
गोरखपुर होकर गुजरेंगी कई ट्रेनें
गोरखपुर-दिल्ली आरक्षित स्पेशल ट्रेन 17 नवंबर को गोरखपुर से दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 18 नवंबर को दिल्ली से सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर चलकर रात 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद में होगा।
छठ की भीड़ को लेकर रेलवे का खास इंतजाम
वहीं, लखनऊ जंक्शन से बरौनी के बीच अनारक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन 12 नवंबर को शाम 5 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन रात 12 बजकर 35 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर बरौनी पहुंचेगी। वापसी में 13 नवंबर को बरौनी से दोपहर 3 बजे चलकर अगले दिन रात 2 बजकर 20 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी और सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी।
इसके अलावा, नई दिल्ली से दरभंगा के बीच 04080 आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन 12 नवंबर को रात 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, छपरा, हाजीपुर और समस्तीपुर होते हुए तीसरे दिन रात 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी। रेलवे के मुताबिक, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से छठ महापर्व पर यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























