UP Election 2027: विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात में निषाद समाज से जुड़े मुद्दों, पार्टी पदाधिकारियों की मांगों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
निषाद पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, डॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज से संबंधित मांगों का पत्र भी गृह मंत्री को सौंपा। साथ ही 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर लड़ने और जीत की रणनीति एवं चुनावी समीकरणों पर सकारात्मक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद डॉ. संजय निषाद ने अमित शाह को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी।
इस मुलाकात के दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद और विधायक सरवन निषाद भी मौजूद रहे। राजनीतिक नजरिए से इस मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और निषाद पार्टी के बीच गठबंधन की तैयारियों और चुनावी तालमेल के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे पहले संजय निषाद का समाजवादी पार्टी के साथ भी तालमेल नजर आया था। उस दौरान माना जा रहा था कि संजय निषाद भाजपा पर सीट शेयरिंग के लिए दबाव बना रहे है। इस मुलाकात के बाद स्थिति स्पष्ट है कि निषाद पार्टी और भाजपा का साथ 2027 के चुनावों में भी बना रहेगा।
यह भी पढ़ें- छठ घाटों पर अंधेरा नहीं होने देगा बिजली विभाग, मुजफ्फरपुर में कर्मियों की छुट्टियां रद्द

























