Bijnour: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने विदुर कुटी के समीप गंगा तट पर पहुंचकर स्नान पर्व की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह है पूरा मामला
जिलाधिकारी ने गंगा घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। DM ने कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान प्रशासन जिला पंचायत साकेंद्र प्रताप सिंह, एसपी केके विश्नोई, एसडीएम सदर एवं मेला अधिकारी स्मृति मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने लिया जायजा
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कई लाख लोग स्नान करने के लिए गंगा के घाट पर आते हैं। गंगा किनारे लोगों के आगमन को लेकर प्रशासन ने कई प्रकार की तैयारियां की है। गंगा स्नान से पूर्व लाखों लोगों के लिए गंगा के घाट पर लोगों को सुविधाएं दी गई है। बिजनौर पुलिस प्रशासन के द्वारा एक अस्थाई चौकी बनाई गई है। लोगों के सामना और उनकी सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए मचान भी बनाए गए हैं। इन मचान पर पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर बनाकर रखेंगे। लोगों की गतिविधि पर नज़र रखने और किसी प्रकार की आशंका होने पर तुरंत एक्शन लिया जा सकता है। ॉ
एनडीआरएफ की टीम
लोगों को डूबने से बचाने के लिए भी एनडीआरएफ कई टीमों को लगाया गया है। देखा गया है कि गंगा स्नान के दौरान कई श्रद्धालु गहरे पानी में चले जाते है। इससे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण डूबकर उनकी मौत हो जाती है। लोगों को डूबने से बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीम गंगा नदी के बहाव पर नजर बनाकर रखेगी। इस प्रकार की स्थिति होने पर तुरंत बचाव दल डूबने वाले व्यक्ति की सहायता के लिए मौके पर पहुंचेगा। इसी के साथ गंगा नदी में नाव के साथ एनडीआरएफ की टीम गस्त करती रहेगी। और पानी के बहाव व लोगों की गतिविधियों पर भी नजर बनाकर रखेगी।
























