Hathras: मुरसान क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में लग्न समारोह के दौरान फोटोग्राफर से हुए विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में करीब तीन से चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मारपीट और फायरिंग की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मुरसान क्षेत्र के गांव नगला बाबू निवासी रामखिलाड़ी ने बताया कि उनके भतीजे का लग्न-सगाई समारोह ब्लॉक रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित किया जा रहा था। समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर फोटोग्राफर और समारोह में मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवक मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विवाद के दौरान कैमरामैन ने अपने कुछ बाहरी दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद कैमरामैन और दूसरे पक्ष के एक युवक के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। अचानक हुई इस घटना से समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घायलों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस संबंध में मुरसान थाने के एसएसआई मोनवीर सिंह ने बताया कि ब्लॉक रोड स्थित गेस्ट हाउस में मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Naseem Durrani Encounter: बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़; डी-कंपनी से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर ढेर
@Nation27























