गोरखपुर: गोरखपुर (Gorakhpur) के गीडा थाना क्षेत्र में सड़क पर मिट्टी से लदे डंपर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए उल्टी दिशा में तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। रात के अंधेरे में इन डम्परों की आवाजाही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि कुछ महीने पहले इसी तरह उल्टी दिशा से आ रहे वाहन की टक्कर से सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद डम्परों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
पहले ही दो युवकों की हो चुकी है मौत
जानकारी के मुताबिक, गीडा थाना क्षेत्र के बड़गहन से मिट्टी लादकर डम्परों के जरिए तटबंध पर मिट्टी गिराई जा रही है। इसी काम के सिलसिले में डम्पर नौसड़ क्षेत्र में रात के समय उल्टी दिशा में तेज रफ्तार से फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि नौसड़ पुलिस की लगातार गश्त के बावजूद ये डम्पर आखिर कैसे यातायात नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं?
स्थानीय लोगों और राहगीरों के बीच इन डम्परों से बड़े सड़क हादसे की आशंका बनी हुई है। पहले दो युवकों की जान जा चुकी है, ऐसे में क्या पुलिस किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रही है? लोग रात में चलने वाले इन डम्परों की दिशा और रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग कर रहे हैं ताकि किसी और परिवार को सड़क हादसे का दर्द न झेलना पड़े।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
























