आगरा: यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही तमाम नेताओं ने एक दूसरे पर हमले शुरू कर दिए हैं। इसी को लेकर बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद (Akash Anand) ने आगरा में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को बीजेपी की बी टीम बताते हुए बसपा की सत्ता में वापसी का दावा किया।
आकाश आनंद ने कार्यक्रम के दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को सिर्फ अयोध्या से प्रेम है, जबकि समाजवादी पार्टी को इटावा और सैफई से इश्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल धर्म और जाति के नाम पर जनता को बांटने का काम कर रहे हैं।
बीजेपी, कांग्रेस, सपा पर बरसे आकाश आनंद
सपा और कांग्रेस को भाजपा की बी टीम बताते हुए आकाश आनंद ने कहा कि इन दलों की राजनीति से बहुजन समाज को कोई फायदा नहीं हुआ है। आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन पर भी उन्होंने सवाल उठाए। वहीं, रामगोपाल यादव के दलितों को लेकर दिए गए कथित बयान पर आकाश आनंद ने उनसे माफी मांगने की मांग की।
‘लात मारकर दरवाजा खोलेंगे’
अपने संबोधन में आकाश आनंद ने कहा कि अगर सत्ता की चाबी नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलेंगे और सत्ता में बैठेंगे। उन्होंने प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर तंज कसते हुए उन्हें सुंदर-सुंदर शोपीस बताया।
इसके अलावा आकाश आनंद ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी पर भी निशाना साधा। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को विरोधियों की साम, दाम, दंड और भेद की राजनीति में न फंसने की नसीहत दी।
आकाश आनंद ने कहा कि बसपा को अपने संगठन और विचारधारा को मजबूत करना होगा। उनके इस बयान से साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा प्रदेश में अपने राजनीतिक तेवर और संगठनात्मक ताकत को धार देने की तैयारी में जुटी है।
आगरा से आकाश आनंद के इन बयानों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि बीजेपी, सपा और कांग्रेस की ओर से उनके आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
रिपोर्ट: नरेश धाकड़े

























