गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) समेत अन्य शहरों में युद्ध जैसे हालात और अचानक हवाई हमले को लेकर ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित किया गया जिसमें सभी एजेंसियों के बीच के तालमेल को परखा गया। एयर रेड वार्निंग जारी होते ही पूरे शहर की बत्तियां बुझा दी गई और देखा गया कि हवाई हमले और युद्ध जैसी आपात स्थिति के लिए सिस्टम कितना तैयार है।
शाम 6 बजे से 7 बजे तक ब्लैकआउट
इसी तैयारी को परखने के लिए गोरखपुर में शाम 6 बजे से 7 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू रहा। इस दौरान दिग्विजयनाथ पार्क और नौकायन रोड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का विशेष अभ्यास किया गया। नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों और सैकड़ों स्वयंसेवकों के साथ पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने भी मोर्चा संभाला।
इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित हवाई हमले, युद्धकालीन परिस्थितियों और अन्य आपातकालीन घटनाओं में नागरिकों को सुरक्षित रखने के साथ प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया और विभागीय समन्वय को परखना था। लेकिन सवाल है कि अगर वास्तव में ऐसी कोई आपातकालीन स्थिति पैदा होती है तो गोरखपुर प्रशासन की क्या रणनीति होगी?
आपदा प्रबंधन की तैयारी कितनी मजबूत
आम नागरिकों को अपनी सुरक्षा के लिए क्या करना चाहिए और आपदा प्रबंधन विभाग की तैयारियां कितनी मजबूत हैं? गोरखपुर के अलावा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए हरदोई के पुलिस लाइन, परेड ग्राउंड में भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस बल, अग्निशमन विभाग, स्कॉउट गाइड, एनसीसी के बच्चों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार



























