वाराणसी: उद्योगपति अनंत अंबानी (Anant Ambani) सोमवार को धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर भी दर्शन-पूजन किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अनंत अंबानी के आगमन को देखते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें बाबा के दरबार तक पहुंचाया गया।
दर्शन-पूजन के बाद मंदिर से बाहर निकलते ही वहां मौजूद लोगों ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। अनंत अंबानी को अपने बीच देखकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान काशी आने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अनंत अंबानी भी काशी की भक्ति के रंग में नजर आए। उन्होंने खुद ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा काशी विश्वनाथ की जय’ का उद्घोष किया।
बाबा के जयकारों के बीच अनंत अंबानी वहां से रवाना हो गए। उनके काशी आगमन और बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने की चर्चा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
रिपोर्ट – हरेंद्र शुक्ला


























