वाराणसी: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी (Varanasi) एक बार फिर दुनिया को अपनी अलौकिक आभा से मंत्रमुग्ध करने जा रही है। मंगलवार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विश्वविख्यात देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। आदि केशव घाट से लेकर गंगा का अर्धचंद्राकार तट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। इस बार आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के पर्यटन संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।
15 लाख पर्यटक होंगे शामिल
देव दीपावली के इस महापर्व का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से करीब 15 लाख पर्यटकों और श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने का अनुमान है। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने 88 पक्के घाटों, गंगापार रेती और शहर के 103 से अधिक कुंडों, तालाबों-पोखरों पर करीब 21 लाख दीप प्रज्वलित करने की तैयारी की है। घाटों से लेकर मंदिरों और मठों तक दीपों की ऐसी श्रृंखला सजेगी कि पूरी काशी दीपमालिका में परिवर्तित नजर आएगी।
रामघाट पर पहली बार आयोजन
देव दीपावली पर इस बार काशी के 51 घाटों पर एक साथ भव्य गंगा आरती होगी। वहीं 84 घाटों पर 200 समितियां दीपदान का आयोजन करेंगी। इस बार रामघाट पर पहली बार गंगा आरती आयोजित की जाएगी। गंगा पार रेती, रामनगर घाट और शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी दीपोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं।
आसमान में दिखेगा शिव तांडव
इस बार देव दीपावली पर आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का भी अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेत पर रात आठ बजे ड्रोन शो आयोजित होगा। इसमें आसमान में काशी विश्वनाथ मंदिर, शिव तांडव और मां गंगा की दिव्य आकृतियां उकेरी जाएंगी।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक दस मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा। भगवान शिव को समर्पित संगीतमय धुनों के साथ आसमान में रंग-बिरंगे पैटर्न और आकर्षक आकृतियां दिखाई देंगी। आयोजन में प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं चेत सिंह घाट पर करीब 25 मिनट का लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन से जुड़ी संस्था ऐक्सिस कम्युनिकेशन के वाइस प्रेसिडेंट संजय प्रताप सिंह के अनुसार, इस बार विशेष आठ इंच के आतिशबाजी शेल्स और माल्टा शैली की आकृतियों का इस्तेमाल किया जाएगा।
रिपोर्ट: हरेंद्र शुक्ला




























