गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। संपत्ति हड़पने और इश्योरेंस के पैसे के लिए एक महिला पर अपने ही पति, बेटे और भांजे को धीमा जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है।
Ghaziabad में हैरान करने वाला मामला
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करोड़ों की संपत्ति और इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लालच में इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
शरीर में लेड पॉइजन मिलने के बाद पति ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल यह पूरा मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को सुशील कुमार भटनागर ने अपनी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्हें, उनके बेटे और भांजे को जान से मारने की नीयत से लेड पॉइजन यानी सीसे का जहर दिया जा रहा था।
पति ने दर्ज कराई शिकायत
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी। इलाज कराने पर उनके शरीर में लेड पॉइजनिंग होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ की इंश्योरेंस के लिए साजिश
गाजियाबाद (Ghaziabad ) पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है। इसके अलावा पति के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसी भी है, जिसमें वह नॉमिनी है। पुलिस का दावा है कि संपत्ति और इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लालच में आरोपी ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों को धीमा जहर देना शुरू किया।
थाना इन्दिरापुरम पुलिस द्वारा धीमा जहर (LEAD POISON) देने के अभियोग में वांछित अभियुक्ता गिरफ्तार।
बाइट-श्री अभय राजेन्द्र डागा, सहायक पुलिस आयुक्त इन्दिरापुरम
@Uppolice https://t.co/8OzqLtH2tS— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) November 25, 2026
महिला की हुई गिरफ्तारी
इंदिरापुरम पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को आरोपी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। 42 वर्षीय आरोपी दिल्ली के विवेक विहार थाना क्षेत्र की झिलमिल कॉलोनी की रहने वाली है।
ये भी पढ़ें: स्कूटी सवार ने बस पर चलाई गोली, गाजियाबाद की घटना
रिपोर्ट: दीपक तोमर



























