राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए उन्हें किसी भी हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अगर टीम यह मैच हार जाती है तो वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। वहीं जीत की स्थिति में पंजाब, कोलकाता और दिल्ली की टीमें भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो सकती हैं। करो या मरो मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग टॉस हार गए। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है, जिसके चलते राजस्थान पहले बल्लेबाजी करेगी। इस मैच में मुंबई को बड़ा झटका लगा है क्योंकि जसप्रीत बुमराह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं।
टॉस के बाद हार्दिक पांड्या का बयान, मुंबई की रणनीति पर दिया बड़ा अपडेट
उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन उनके लिए खास है, क्योंकि रिलायंस फाउंडेशन ने अब तक करीब 29 लाख लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर डाला है और इसका हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। हार्दिक ने बताया कि हर साल इस खास मुकाबले में जब टीम मैदान पर उतरती है तो माहौल बेहद उत्साहपूर्ण होता है। उनका लक्ष्य बच्चों के लिए अच्छा क्रिकेट खेलना और उन्हें यादगार पल देना है। उन्होंने माना कि पिच फिलहाल थोड़ी चुनौतीपूर्ण लग रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद यह बेहतर हो जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह मैच टीम के लिए अहम है और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देकर इस सीजन का अच्छा अंत करना चाहते हैं, जो उनके लिए अब तक कठिन रहा है।
टॉस के बाद रियान पराग का बयान, राजस्थान रॉयल्स की रणनीति पर दिया अपडेट
पराग ने कहा कि पूरे सीजन में टीम ने कुछ अच्छे प्रदर्शन किए हैं और जो मेहनत की गई है, वह प्रेरणादायक रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस टूर्नामेंट में मिली सराहना और ऊर्जा का पूरा एहसास है और यह समय उसे सही दिशा में इस्तेमाल करने का है।उन्होंने आगे कहा कि आज जीतना जरूरी है क्योंकि जीत मिलने पर टीम सीधे क्वालीफाई कर सकती है और किसी अन्य मैच के नतीजे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि टीम ने इस मुकाबले के लिए तीन बदलाव किए हैं।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन- रियान रिकल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जै्सक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर और रघु शर्मा
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन- यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यश राज पुंजा और ब्रिजेश शर्मा


