कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को निर्देश देते हुए कहा कि उन्हें जमीनी स्तर पर जाकर आम लोगों से संपर्क बढ़ाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की राय और फीडबैक सरकार के साथ-साथ सभी मंत्रालयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मध्य पूर्व में जारी संकट और ईंधन की कमी को ध्यान में रखते हुए, पीएम नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से तेल की खपत कम करने और कार पूलिंग अपनाने की सलाह दी थी। लेकिन ऐसा लगता है कि मंत्रियों ने इस पर अभी तक अमल नहीं किया है। बुधवार को कैबिनेट बैठक के दौरान पीएम मोदी ने मंत्रियों से पूछा कि इनमें से कौन कार पूल करके आया है, जिस पर सभी ने ‘नहीं’ में जवाब दिया। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों से कार पूलिंग अपनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रियों को जमीनी स्तर पर जाकर आम लोगों से अधिक संपर्क बनाना चाहिए, क्योंकि जनता की राय और फीडबैक सरकार और उनके मंत्रालयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
PM मोदी का मंत्रियों को संदेश: “कारपूलिंग अपनाएं, जनता से बढ़ाएं संपर्क”
बैठक के दौरान पेट्रोल-डीजल की बचत करने और कार पूलिंग का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने मंत्रियों से कहा कि सभी लोग कार पूलिंग किया करें. इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि आज की इस बैठक के लिए कौन-कौन कार पूलिंग करके यहां आया है. इस पर सभी ने ‘ना’ में ही जवाब दिया. देश के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं और तेज धूप ने लोगों को परेशान कर रखा है। इसी बीच, पीएम मोदी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी थी। इसके अलावा, कैबिनेट बैठक में उन्होंने मंत्रियों से भी कहा कि हीटवेव के समय खुद खूब पानी पिएं और अपने क्षेत्र के लोगों को भी पर्याप्त पानी पीने के लिए प्रेरित करें।
दूसरी ओर, सरकार ने जनता से आग्रह किया है कि वे फ्यूल की खरीद में घबराहट न दिखाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आम लोगों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पैनिक बायिंग से बचने की अपील की और भरोसा दिलाया कि फ्यूल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है। पश्चिम एशिया की स्थिति पर नजर रखने के लिए गठित अनौपचारिक मंत्रिस्तरीय समूह (IGOM) की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए, राजनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बदलते हालात के अनुसार देश की तैयारियों को मजबूत बनाए रखें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि उर्वरक और कृषि से जुड़े अन्य आवश्यक संसाधन किसानों तक पहुंचते रहें, ताकि देश में खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी न हो। बैठक में रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रेल एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और बंदरगाह एवं जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। IGOM को यह जानकारी दी गई कि देश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।


