ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी का प्लास्टर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक मोटरसाइकिल से जा रहा था। सिर में गहरी चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से सोसायटी निवासियों में शौक और गुस्सा देखने को मिला रहा है। इस घटना के बाद सोसायटी में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार अरिहंत अंबर सोसायटी निवासी विकास चावला मोटरसाइकल द्वारा सोसायटी परिसर से बाहर निकल रहे थे। तभी बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर गया। प्लास्टर गिरने से विकास की मोटरसाइकिल का अनियंत्रित होकर गिर गई और उनका सिर दिवार के किनारे से टकरा गया। पास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना बिसरख थाना पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने विकास चावला की डेडबाडी को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई। डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिलने वाली शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सोसायटी के लोगों को अपनी सुरक्षा का डर सता रहा है। स्थानीय निवासी सोसायटी की मरम्मत और रखरखाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका मानना है कि यदि बिल्डिंग की मरम्मत समय से की जाती तो हादसा टाला जा सकता था। अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने बिल्डर से जल्द मरम्मत की मांग की है।


