Iran War News: ईरान ने अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट को निशाना बनाकर हमला किया। इस हमले में अमेरिका को भारी नुकसान हुआ है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि यह हमला बुधवार को अमेरिका द्वारा ईरान के तीन शहरों पर किए गए हमलों के जवाब में किया गया। यूएस आर्मी ने ईरान के जास्क, सिरिक और केशम में कई जगहों पर हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सिरिक के टेलीकम्युनिकेशन मास्ट और दो पानी की टंकियां नष्ट हो गई थीं।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सऊदी अरब के पास स्थित द्वीपीय देश बहरीन की समुद्री सीमा पर तैनात यूएस आर्मी के फिफ्थ फ्लीट पर हमला किया। ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले में यूएस आर्मी को भारी क्षति हुई है। हमले के बाद बहरीन ने मिसाइल अलर्ट सायरन बजाकर अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की चेतावनी दी।
यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड ने बयान जारी करते हुए बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर हाल ही में हुए हमलों के जवाब में यूएस आर्मी ने ईरान के एयर डिफेंस और ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों पर हमला किया था, उनका कहना है कि यह अमेरिकी सेना की ओर से एक संतुलित कार्रवाई थी।
इससे पहले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी सेना के चिनूक हेलिकॉप्टर पर हमला किया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले के लिए तेहरान को जिम्मेदार ठहराते हुए जोरदार जवाब देने की बात कही थी, जिसके बाद यूएस आर्मी ने ईरान के जास्क, सिरिक और केशम क्षेत्र में हमला किया था।


