WestAsiaCrisis :पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच घोषित संघर्षविराम अब संकट में आ गया है। अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने भी पलटवार करते हुए कार्रवाई की है। तेहरान की ओर से पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत पर कड़ा हमला करते हु ए कहा है कि उसकी सेना पूरी तरह कमजोर और बिखरी हुई स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना लगभग समाप्त हो चुकी हैं। ट्रंप के अनुसार, ईरान की सैन्य व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है और उसके बड़े हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते वह लगभग पराजित स्थिति में पहुंच चुकी है। ट्रंप ने कहा, “ईरान सिर्फ बातें करता है, कार्रवाई नहीं करता। पश्चिम एशिया का दबंग अब खत्म हो चुका है।” ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित समझौते का जिक्र करते हुए कहा, “उन्होंने ऐसे समझौते पर बातचीत करने में बहुत देर कर दी, जो उनके लिए बहुत अच्छा साबित हो सकता था। अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।”


