GreaterNoida : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 152 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में बड़ा हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शटरिंग का काम करते समय दो मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई, जिसके चलते दोनों 37वीं मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस पिक्चरेस्क रिप्राइव सोसाइटी में 11 जून को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, टावर नंबर-23 की 37वीं मंजिल पर शटरिंग का काम कर रहे दो मजदूर सेफ्टी बेल्ट के सहारे काम कर रहे थे, तभी अचानक बेल्ट टूट गई और दोनों मजदूर नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
“ग्रेटर नोएडा हादसा पश्चिम बंगाल के दो मजदूरों की जान गई”
निर्माणाधीन सोसाइटी में काम करने के दौरान हादसे में मरने वाले दोनों मजदूरों को लेकर पुलिस के अनुसार बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब 12:45 बजे उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस परियोजना में कार्य के दौरान दो मजदूर ऊंचाई से गिर गए हैं। हादसे में मरने वाले दोनों मजदूरों की पहचान 24 साल के रईसुल हक निवासी जिब्रामर कुथी, फुलेश्वरी, कूच पश्चिम बंगाल और दूसरे मजदूर की पहचान अब्दुल समद उम्र 45 साल निवासी खरीजा फुलेश्वरी पुतिमारी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के निवासी के रूप में हुई है, जिसमें दोनों ही मजदूर वर्तमान में निवासी कोंडली मार्केट में रहते थे।
“सेफ्टी बेल्ट टूटते ही बिगड़ा संतुलन, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत”
टावर संख्या-23 की 37वीं मंजिल पर दोनों मजदूर शटरिंग का काम कर रहे थे, तभी उनकी सुरक्षा के लिए लगी सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई। इसके चलते दोनों ने संतुलन खो दिया और ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को गहरी चोटें आईं। मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और अन्य मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सेफ्टी बेल्ट का टूटना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद मौके पर स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।


