BaghpatNews : उत्तर प्रदेश में एक और ‘मुस्कान’ सामने आई है। बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। महिला ने नशीली खीर खिलाकर पति को बेहोश किया और फिर प्रेमी को बुलाकर गला दबा दिया। सामान्य मौत दिखाने के लिए कीटनाशक छिड़काव से तबीयत बिगड़ने की बात कही। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी की तलाश जारी है। बागपत के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार रात सचिन (33) की पत्नी रचना ने अपने प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। कीटनाशक के छिड़काव से सामान्य मौत दिखाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद प्रेमी भाग गया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने रचना से पूछताछ की तो वह कीटनाशक दवाई के छिड़काव से पति की मौत होने की बात कहती रही। जब सख्ती दिखाई तो उसने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार ली। रचना ने बताया कि प्रेमी ने शुक्रवार को नशे की गोलियां लाकर दीं, जो पति को खीर में मिलाकर खिला दीं। पति के सोने पर प्रेमी को बुलाकर उसकी हत्या कर दी।




