ShamliNews : शहर के दवा व्यवसायी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक ने इस्लाम धर्म स्वीकार करते हुए अपना नाम बदलकर मोहम्मद अली रख लिया है। वहीं, पिता ने इसे जबरन धर्मांतरण का मामला बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शहर कोतवाली पुलिस ने चर्चित आयुष धर्मांतरण मामले में एक और आरोपी तौफीक उर्फ भोला को गिरफ्तार किया है, जो चांदनी कुरैशी का फुफेरा भाई बताया जा रहा है। इससे पहले पुलिस इस मामले में युवती चांदनी और उसके पिता को भी गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, इस केस में शामिल अन्य आठ आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

मोहल्ला दयानंद नगर निवासी दवा कारोबारी देवराज मलिक के इकलौते बेटे आयुष मलिक के कथित धर्मांतरण मामले में करीब आठ दिन पहले शहर कोतवाली में तीन मौलाना सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आयुष को प्रेम जाल में फंसाकर उसकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची गई। मामले में पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आयुष को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाने की आरोपी चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी, निवासी काजीवाड़ा शामली, को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में शनिवार को एक और आरोपी चांदनी के फुफेरे भाई तौफीक उर्फ भोला निवासी काजीवाड़ा को गिरफ्तार किया गया। एसपी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से आयुष मलिक का धर्मांतरण कराए जाने की बात कही है।
मौलानाओं की तलाश में पुलिस टीमें दे रही दबिश
आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक की तरफ से शहर कोतवाली में चांदनी कुरैशी, उसकी तीन बहनों, पिता, भाई, मौलाना मुनव्वर व अन्य दो अज्ञात मौलानाओं समेत 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। मौलानाओं समेत आठ आरोपियों की तलाश में एसआईटी, एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें लगी है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है। पुलिस आयुष मलिक व चांदनी और उसके परिवार के लोगों के बैंक खाते भी खंगाल रही है जिससे उनमें वित्तीय लेनदेन की जानकारी हो सके।

हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन आज
हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ शामली के निजी चिकित्सक के घर के बाहर प्रदर्शन और पांच कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मदाह करने की घोषणा कर रखी है। ललित शर्मा का आरोप है कि आयुष मलिक के धर्मांतरण कराने में निजी चिकित्सक का हाथ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए एक सप्ताह का समय दिया था लेकिन पुलिस प्रशासन ने अब तक चिकित्सक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। ललित शर्मा के आह्वान पर हिंदू रक्षा दल के उप्र अध्यक्ष श्रवण चंदेल व शामली के जिलाध्यक्ष भगवानदास ने सोशल मीडिया पर अपने वीडियो वायरल कर कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रविवार दोपहर तीन बजे शामली पहुंचने का आह्वान किया है।
आयुष की नई तस्वीर वायरल, हिंदू धर्म में वापसी की चर्चाएं तेज
शहर के प्रसिद्ध दवा कारोबारी देवराज मलिक के इकलौते पुत्र आयुष मलिक उर्फ मोहम्मद अली के धर्मांतरण का मामला सोशल मीडिया पर पूरी तरह से छाया हुआ है। शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर आयुष मलिक की क्लीन शेव की फोटो वायरल हो रही है। इस फोटो को लेकर उसकी हिंदू धर्म में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हालांकि फोटो को लेकर पुलिस और परिजन अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं कर रहे हैं। सोशल मीडिया के व्हाटसएप ग्रुपों पर फोटो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी की जा रही हैं। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि आयुष मलिक अपने परिजनों के पास है, इस बारे में वे ही सही बता सकते हैं। उधर, आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक का कहना है कि उनकी अपने पुत्र से बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने एआई से फोटो एडिट कर वायरल किया जाना बताया


