Noida News: सोमवार से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से उड़ान भरकर सुबह करीब 8:05 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंची, वहीं नोएडा से पहली फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस फ्लाइट से जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह किसानों को लेकर लखनऊ पहुंचे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली फ्लाइट में एयरपोर्ट को अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों ने यात्रा की और इस खास पल का आनंद लिया। इस दौरान नोएडा प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। उड़ान के शुभारंभ से पहले केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विधिवत तरीके से पहली फ्लाइट को रवाना किया।
उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में आज एक ऐतिहासिक पल दर्ज किया गया, जब यहां पहली पैसेंजर फ्लाइट ने सफलतापूर्वक लैंड किया। इंडिगो की पैसेंजर फ्लाइट ने आज सुबह नोएडा एयरपोर्ट पर लैंड किया।
करीब 25 साल लंबे इंतज़ार के बाद यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब हकीकत बन चुकी है। 2017 के बाद इस एयरपोर्ट के निर्माण कार्य में तेजी आई और लगभग 4 वर्षों में इसे रिकॉर्ड समय में इसे बनाकर तैयार कर दिया गया।
यह एयरपोर्ट न केवल दिल्ली-एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा, बल्कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का बड़ा केंद्र भी माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास बढ़ेगा। नोएडा एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान बना सकता है।


