गाजीपुर। जिले की मरदह पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में वांछित एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार मरदह थाना क्षेत्र के करहर बुजुर्ग तिराहे पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी संतोष यादव क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी संतोष यादव ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गिरफ़्तार आरोपी की पहचान संतोष यादव पुत्र उमाशंकर यादव निवासी देवरिया, थाना जमानियां, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर लूट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसके खिलाफ मरदह थाने में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 750 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में यूपी पुलिस के यक्ष एप की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने पुराने अपराधियों के डाटा और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
मामले की पुष्टि करते हुए सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री ने बताया कि आरोपी पुलिस को लंबे समय से वांछित था। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – पवन मिश्रा


