संतकबीरनगर में हत्या के बाद दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। मामला बभनी गांव का है जहां मुस्लिम युवक ने एक हिंदू युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहोल बना हुआ है। पीड़ित पक्ष सड़क जाम कर आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे है।
संतकबीरनगर जनपद में एक युवक की हत्या के बाद तनाव का माहोल है। यहां मुस्लिम युवक ने एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी गांव के चौराहे की है। जहां नासिर ने आनंद नाम के युवक की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। जैसे ही घटना की जानकारी गांव निवासियों को लगी वहां तनाव का माहोल बन गया।
आक्रोषित भीड़ ने खलीलाबाद- बांसी मार्ग को जाम कर दिया। गुस्साये ग्रामीण आरोपी के एनकाउंटर की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम-एसपी समेत पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएम ने ग्रामीणों को समझा बूझकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने का वादा किया। संतकबीरनगर जनपद प्रशासन ने एक्शन लेते हुए मुख्य हत्यारोपी नासिर की अवैध बनी दुकान पर बुलडोजर चलाकर जमीदोज कर दिया।
वहीं मृतक आनंद के परिजनों ने आरोपी नासिर के एनकाउंटर की मांग की है। एक सप्ताह पूर्व मृतक आनंद और अभियुक्त नासिर एक शादी समारोह कार्यक्रम में शामिल थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना के बाद बदला लेने की भावना से नासिर आनंद के पीछे लग गया। आनंद अपने भाई के साथ देर शाम चौराहे पर सामान खरीदने गया था। मौका पाकर नासिर ने चिकेन शॉप की दुकान से धारदार हथियार लेकर आनंद के गले पर वार कर मौत के घाट उतार दिया।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस घटना से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।


