बहराइच जनपद स्थित एक गाँव में किशोरी के लापता होने पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। विशेष समुदाय के एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। तनाव बढ़ने पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक के घर पर जमाकर हंगामा किया, इस दौरान रेलिंग तोड़ दी और घर पर पथराव किया। उग्र भीड़ ने युवक के सहयोगी की आटा चक्की में आग लगाने का भी प्रयास किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद से गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बहराइच जनपद के सेखवापुर गांव निवासी की पुत्री तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि डिहवा गांव निवासी मोनू अपने एक सहयोगी की मदद से किशोरी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया है। जिसकी सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई थी।
किशोरी के लापता होने पर मामला तूल पकड़ गया। बड़ी संख्या में आक्रोशित भीड़ एकत्रित होकर युवक के घर पहुंच गई और आरोपी के घर पथराव शुरु कर दिया। कुछ लोगों ने आरोपी के साथी की आटा चक्की में आग लगाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दरगाह, कोतवाली नगर और कोतवाली देहात थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा स्वयं मौके पर कैंप में मौजूद है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आटा चक्की में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठने की सूचना मिली थी। दुकान में लगी आग पर तत्काल काबू पा लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रिपोर्ट- अभिषेक शर्मा (बहराइच)


