Saharanpur News: सहारनपुर जनपद में कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर। एक लाख के इनामी लल्लन सिंह पर हत्या, लूट और पुलिस पिस्टल लूटने समेत कई गंभीर मामले दर्ज है।
उत्तर प्रदेश में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के चलते बदमाश पुलिस के निशाने पर है। सभी जनपदों में बदमाशों की सूची बनाकर क्लीन स्वीप किया जा रहा है। प्रदेश की पुलिस को खुली चेतावनी देने वाले कुख्यात बदमाश लल्लन सिंह पर पुलिसकर्मी समेत कई हत्याओं का आरोप है। वाराणसी और चंदौली में पुलिसकर्मियों की हत्या और लूट समेत कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले लल्लन सिंह पर पुलिस ने लाख का इनाम घोषित किया हुआ है।
सहारनपुर पुलिस से हुई मुठभेड़ में लल्लन सिंह उर्फ लल्लन की मौत हो गई। बता दें कि वह समस्तीपुर के आनंद गोलवा गांव का रहने वाला था। उस पर वाराणसी में सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर सर्विस पिस्टल लूटने समेत चंदौली में फायरिंग कर लूट करने के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 21-22 जून 2026 की रात सरसावा-नकुर रोड पर अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम से उसकी मुठभेड़ हुई। गोली लगने से घायल लल्लन को पहले सीएचसी सरसावा और फिर जिला अस्पताल सहारनपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लल्लन और उसके गैंग पर 7 लोगों की हत्या का आरोप है। जिसमें 2 सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक गार्ड शामिल हैं। वाराणसी पुलिस ने उस पर 1 लाख और चंदौली पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। मुठभेड़ में उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
रिपोर्ट- गौरव सैनी (सहारनपुर)


