MLC Vote Counting: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों का परिणाम आज आने वाला है। सुबह 8 बजे से सभी मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। इन 11 सीटों में पाँच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना के लिए प्रदेश के सात जिलों में काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहा सुबह से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की हलचल तेज है। इन चुनावों में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में थे। आज सुबह से शाम 4 बजे तक मतगणना जारी रहेगी। प्रदेश भर में 2,697 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 14,81 310 मतदाताओं ने इस चुनाव में अपने मतों का प्रयोग किया था। मतदान मतपत्रों के जरिए कराया गया था। चुनावो में इवीएम का प्रयोग नहीं किया गया था। यही वजह है कि गिनती में सामान्य चुनावों की तुलना में ज्यादा समय लगने की संभावना है।
भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर
विधान परिषद चुनाव में भाजपा और सपा ने 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। ऐसे में आज के नतीजे दोनों ही दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। सीटों का भौगोलिक बंटवारा भी दिलचस्प है। 11 में से पांच सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं, दो लखनऊ क्षेत्र में, एक बुंदेलखंड में और तीन पूर्वांचल में। यानी प्रदेश के लगभग हर अंचल की नजर आज के परिणामों पर टिकी है। पिछली बार 2020 में हुए इसी तरह के चुनाव में भाजपा को पांच और सपा को तीन सीटें मिली थीं। इस बार तस्वीर क्या बनती है, यह आज दिन चढ़ने के साथ साफ होगा।
क्यों अहम हैं ये चुनाव
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को पढ़े-लिखे और जागरूक मतदाताओं का फैसला माना जाता है। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं या स्नातक की पात्रता रखने वाले वोटरों को इस चुनाव में वोट डालने का अधिकार दिया जाता है। इस चुनाव को परंपरागत चुनाव से भिन्न माना जाता है। गौरतलब है कि 6 दिसंबर 2026 को इन सीटें का कार्यकाल पूरा हो रहा है। आज चुने गए सभी नए सदस्य उनकी जगह लेंगे। विधान परिषद उच्च सदन है, इसलिए यहां सदस्यों की संख्या का असर विधेयकों और सदन की कार्यवाही पर भी पड़ता है।
दिनभर चलेगी वोटों की गिनती
इन चुनावों में मतदाता प्रत्याशियों को पसंद के क्रम में वरीयता देते हैं। इस प्रक्रिया में गिनती कई चरणों में होती है और कई बार किसी प्रत्याशी को विजेता घोषित करने में काफी समय लग जाता है। इसलिए संभव है कि कुछ सीटों के नतीजे देर शाम या रात तक आएं, जबकि कुछ के लिए अगली सुबह तक इंतजार करना पड सकता है। मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशी, उनके प्रतिनिधि और अधिकृत कर्मचारी ही मौजूद रहते हैं। काउंटिंग सेंटर के बाहर आम लोगों की भीड़ लगी हुई है। अब सबकी निगाहें आज के नतीजों पर हैं। कौन सा दल बढ़त बनाता है और किस सीट पर कौन बाजी मारता है, यह जल्द ही सामने आ जाएगा।


























