वोटों के सौदे से जनता रहे सतर्क, सपा कभी नहीं टूटेगी – राष्ट्रीय सचिव का दावा बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों का जवाब देते हुए एनडीए के सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का सहयोग न मिला होता तो एनडीए के कई सहयोगी दल न लोकसभा तक पहुंच पाते और न ही विधानसभा में अपनी मौजूदगी दर्ज करा पाते।
अखिलेश यादव के सहयोग से मिली राजनीतिक सफलता अरविंद सिंह गोप ने कहा कि कुछ नेताओं के बेटे लोकसभा और विधानसभा तक पहुंचे हैं तो इसके पीछे समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को राजनीतिक पहचान और सफलता सपा के सहयोग से मिली, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे किसके खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
सपा न कभी टूटी थी, न आगे टूटेगी
सपा की एकजुटता पर जोर देते हुए गोप ने कहा कि समाजवादी पार्टी न कभी टूटी थी और न ही भविष्य में टूटेगी। सुभासपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के चार विधायक आज भी समाजवादी पार्टी के साथ हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग सपा को तोड़ने की बात कर रहे हैं, वे पहले पार्टी का एक प्रधान या एक ब्लॉक अध्यक्ष तोड़कर दिखाएं।
टिकट बेचने के आरोपों पर साधा निशाना
एनडीए के सहयोगी दलों पर टिकट बेचने के आरोपों को लेकर गोप ने कहा कि उन्होंने एक वायरल वीडियो देखा है, जिसमें टिकटों के लेन-देन की बातें कही जा रही हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन जिस दल का नाम उस वीडियो से जोड़ा जा रहा है, उसके बारे में जनता पहले से काफी कुछ जानती है।
मतदाताओं से की सतर्क रहने की अपील
अरविंद सिंह गोप ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके वोटों का सौदा कहीं किसी स्तर पर न हो रहा हो और लोकतंत्र की ताकत को कमजोर करने की कोशिशों से सावधान रहें।
रिपोर्ट: संजय यादव, बाराबंकी


