बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका एक पुराना बयान है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, स्वरा ने संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर वाले सीन को लेकर अपनी राय रखी थी, जिसके बाद उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को कायर बताया है।
बढ़ते विवाद के बीच अभिनेत्री ने चुप्पी तोड़ते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया और अपनी बात साफ की। उन्होंने कहा कि उनके पुराने वीडियो की एक क्लिप को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है और उनके बयान का सही अनुवाद न होने की वजह से एक भ्रामक कहानी फैलाई जा रही है। स्वरा ने साफ किया कि उन्होंने कभी भी रानी पद्मावती या सती/जौहर करने वाली किसी भी महिला को कायर नहीं कहा।
अभिनेत्री ने बताया कि जब उन्होंने ‘पद्मावत’ का क्लाइमेक्स देखा था, तो जौहर के दृश्य ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था। उनका कहना है कि उस सीन के बाद वे कई रातों तक ठीक से सो नहीं पाई थीं, क्योंकि वे यह समझने की कोशिश कर रही थीं कि आखिर महिलाओं को अपनी जान देने के अलावा और कोई विकल्प क्यों नहीं दिखता।
स्वरा ने यह भी कहा कि उनकी मूल भावना यह थी कि रेप सर्वाइवर्स सहित हर महिला को घटना के बाद भी सम्मान के साथ अपनी जिंदगी जीने का पूरा हक है, न कि यह मान लिया जाए कि सम्मान बचाने का एकमात्र रास्ता मृत्यु ही है।
इस स्पष्टीकरण के बावजूद सोशल मीडिया पर बहस थमी नहीं है। कुछ यूजर्स स्वरा के तर्क से सहमत नजर आए, तो कुछ ने इसे अब भी भावनाओं को आहत करने वाला बयान बताया। बता दें कि स्वरा भास्कर लंबे समय से किसी बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं, लेकिन अपने बेबाक बयानों की वजह से वे अक्सर चर्चाओं में बनती रही है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी यह सफाई विवाद को शांत कर पाती है या नहीं।


