मुंबई: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’ शुक्रवार (19 जून) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। स्टारकास्ट और फिल्म के ट्रेलर को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था।
मूल ‘कॉकटेल’ से हो रही तुलना
फिल्म को लेकर चर्चाओं का एक बड़ा कारण यह भी है कि इसे साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का स्पिरिचुअल सीक्वल माना जा रहा है। मूल फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। ऐसे में नई फिल्म की तुलना पुराने संस्करण से होना स्वाभाविक माना जा रहा है।
एडवांस बुकिंग में दिखा दम रिलीज से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए शानदार प्रदर्शन किया है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, गुरुवार शाम 4 बजे तक फिल्म ने देशभर में एडवांस बुकिंग के जरिये 5 करोड़ रुपए से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया।फिल्म के लिए कुल 85,868 टिकटों की बिक्री हुई, जो 9,427 शोज में दर्ज की गई। केवल एडवांस टिकट बिक्री से फिल्म ने 3.01 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हासिल किया। वहीं, ब्लॉक बुकिंग को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 8.83 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है।
बिना किसी कट के मिली CBFC की मंजूरी
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से बिना किसी विजुअल कट के मंजूरी मिल गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में मौजूद सभी रोमांटिक और इंटीमेट सीन को यथावत रखा गया है। इसके चलते निर्माता फिल्म को अपने मूल स्वरूप में दर्शकों के सामने पेश करने में सफल रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
स्टारकास्ट, एडवांस बुकिंग और फिल्म को लेकर बने माहौल को देखते हुए ‘कॉकटेल 2’ को इस साल की बड़ी बॉलीवुड रिलीज में शामिल किया जा रहा है। अब सभी की निगाहें फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।

