अयोध्या: राम मंदिर के दान पात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर अयोध्या में राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। अब इस विवाद ने पोस्टर वॉर का रूप ले लिया है। शहर के प्रमुख पुष्पराज चौराहे पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला की ओर से लगाए गए पोस्टरों ने नई बहस छेड़ दी है।
स्कंद पुराण के दोहे के जरिए उठाए गए सवाल
पोस्टरों में स्कंद पुराण के एक दोहे का उल्लेख करते हुए यह संदेश दिया गया है कि मंदिर को समर्पित भूमि, संपत्ति अथवा दान की राशि का दुरुपयोग या हड़पने वाला व्यक्ति धर्मशास्त्रों के अनुसार गंभीर पाप का भागीदार माना जाता है। पोस्टर के माध्यम से राम मंदिर के चढ़ावे और दान से जुड़े कथित चोरी प्रकरण को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
सपा के बाद कांग्रेस की एंट्री, सियासी घमासान तेज
इस मुद्दे पर पहले समाजवादी पार्टी ने सरकार और ट्रस्ट को घेरने की कोशिश की थी, वहीं अब कांग्रेस भी खुलकर मैदान में उतर आई है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और पोस्टरों के जरिए धार्मिक भावनाओं के साथ राजनीतिक संदेश देने की कोशिश दिखाई दे रही है।
एसआईटी जांच के बीच बढ़ी सियासी हलचल
रामनगरी में इस प्रकरण को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। विपक्ष लगातार मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, जबकि प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
बाइट- शरद शुक्ला, उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस


