चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है, जिसके चलते वहां यात्रियों की भारी भीड़ जुट रही है। शनिवार को हुई धक्का-मुक्की के बाद आज फिर पंजीकरण काउंटर पर हंगामे की स्थिति बन गई। चारधाम यात्रा के दौरान पिछले पांच दिनों से लगातार बढ़ रही भीड़ के कारण व्यवस्थाओं पर दबाव काफी बढ़ गया है। ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण कराने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं और हजारों लोग सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े हैं। भीड़ के दबाव के चलते रविवार को एक बार फिर धक्का-मुक्की की स्थिति देखने को मिली। इस दौरान रोडवेज के टिकट काउंटर का शीशा भी टूट गया। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से आए एक यात्री ने जोर-जबरदस्ती करते हुए काउंटर पर धक्का दे दिया, जिससे यह घटना हुई। इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में आपसी समझौते के तहत यात्री ने रोडवेज की संपत्ति को हुए नुकसान के एवज में 1000 रुपये का जुर्माना जमा किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

























