जयपुर में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब पर्यटन पर साफ दिखाई देने लगा है। 43 से 44 डिग्री तक पहुंचते तापमान और तेज लू के कारण लोगों का बाहर निकलना कम हो गया है, जिससे होटल व्यवसाय और स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। गुलाबी नगरी जयपुर इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान लगातार 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज धूप और लू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, जिसका असर सीधे तौर पर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। कुछ समय पहले तक जो पर्यटन स्थल पर्यटकों की भीड़ से गुलजार रहते थे, वहां अब दिन के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है। जयपुर का मशहूर अल्बर्ट हॉल भी गर्मी की मार झेल रहा है। मार्च और अप्रैल की शुरुआत तक जहां सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते थे और लॉन में चहल-पहल रहती थी, वहीं अब दोपहर के समय यहां सिर्फ गिने-चुने पर्यटक ही नजर आ रहे हैं।


























