स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम में सरफराज खान की करीब दो साल बाद वापसी हो गई है। श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए सरफराज को टीम में शामिल किया गया है। उन्हें साई सुदर्शन की जगह भारतीय टेस्ट स्क्वॉड में मौका मिला है।

सरफराज की वापसी सिर्फ एक सेलेक्शन नहीं, बल्कि उनकी लंबे समय से चल रही मेहनत का नतीजा है। टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी पर काफी काम किया। करीब डेढ़ साल के दौरान सरफराज ने 17 किलो वजन कम किया और अपनी फिटनेस को नए लेवल पर पहुंचाया।
17 किलो वजन घटाकर बदला अपना फिटनेस गेम
सरफराज खान पिछले कुछ समय से अपनी फिटनेस को लेकर लगातार मेहनत कर रहे थे। उन्होंने अपनी डाइट से लेकर ट्रेनिंग तक पर खास ध्यान दिया। इस दौरान करीब 17 किलो वजन कम करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर कोई समझौता नहीं किया। उनकी इस मेहनत का असर मैदान पर भी नजर आया। फिटनेस में सुधार के साथ सरफराज ने अपनी बल्लेबाजी की तकनीक और शॉट सेलेक्शन पर भी काम जारी रखा।

बारिश ने बदली जगह, कश्मीर में की खास तैयारी
मुंबई में लगातार बारिश के कारण सरफराज को अपनी ट्रेनिंग के लिए अलग जगह का रुख करना पड़ा। उन्होंने कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में समय बिताया और वहां अपनी बल्लेबाजी पर जमकर काम किया। कश्मीर की परिस्थितियों में ट्रेनिंग करना उनके लिए एक अलग अनुभव रहा। यहां उन्होंने अपनी तकनीक को मजबूत करने के साथ-साथ लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की आदत पर भी फोकस किया। उनका मकसद साफ था, जब भी टीम इंडिया की तरफ से मौका मिले, वह पूरी तरह तैयार रहें।

दो साल बाद मिला टेस्ट टीम में मौका
सरफराज ने भारत के लिए अपना टेस्ट डेब्यू 2024 में किया था और शुरुआती मौकों पर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था। हालांकि, इसके बाद उन्हें टीम में लगातार जगह नहीं मिल पाई। अब करीब दो साल बाद एक बार फिर उन्हें टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। साई सुदर्शन की जगह सरफराज को चुनकर सेलेक्टर्स ने उन पर भरोसा जताया है।
यह भी पढे़: छात्रों का शक्ति प्रदर्शन, मांगों को लेकर विधानसभा कूच

अब बारी मैदान पर जवाब देने की
सरफराज के लिए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खुद को फिर से साबित करने का बड़ा मौका होगी। उन्होंने फिटनेस पर काम किया, अपना वजन कम किया और कश्मीर में ट्रेनिंग के जरिए खुद को तैयार रखा। अब उनकी कोशिश होगी कि मिले इस मौके को बड़ी पारियों में बदला जाए। टीम इंडिया में वापसी के बाद सरफराज के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह अपनी बल्लेबाजी से सेलेक्टर्स के फैसले को सही साबित करें। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा। सरफराज की वापसी ने इस सीरीज को लेकर भारतीय क्रिकेट फैंस की दिलचस्पी भी बढ़ा दी है।


