Conversion: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में धर्मांतरण का मामला सामने आया है, जहां एक गैर हिंदू युवती के परिजनों पर हिंदू युवक को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण कर निकाह कराने का आरोप लगा है। वहीं युवती ने युवक की अंतरंग वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और इस्लाम धर्म अपनाने पर मजबूर किया। योग साधना यशवीर आश्रम के पीठाधीश्वर यशवीर महाराज ने एक वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।
मुजफ्फरनगर जिले के गांव बघरा स्थित योग साधना यशवीर आश्रम के पीठाधीश्वर यशवीर महाराज ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो के जरिए उन्होंने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालक के पुत्र को मुस्लिम युवती ने अपने प्रेम जाल में फंसाया और अपने परिजनों की मदद से उसका धर्म परिवर्तन कराया है।
उन्होंने आगे बताया कि लगभग पांच वर्षों तक युवती उसके साथ संपर्क में रही। इस दौरान उनके बीच शारीरिक संबंध भी रहे। युवती ने युवक की वीडियो बना ली। वीडियो दिखाकर युवती ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती के परिजनों ने युवक पर इस्लाम धर्म अपनाकर निकाह करने का दबाव बनाया। जिसके बाद युवक लंबी दाढ़ी रखने लगा और इस्लामिक क्रियाकलाप करने लगा।
यशवीर महाराज ने बताया कि युवक का खतना कराया गया और कलमा पढाकर उसका धर्म परिवर्तन किया गया। धर्म परिवर्तन के बाद उसका हिंदू नाम बदलकर रहमान कर दिया गया। इस्लाम धर्म अपनाने पर युवती के परिजनों ने युवक का अपनी पुत्री से निकाह करा दिया। फिलहाल धर्म परिवर्तन के बाद युवक अपने परिजनों से दूर रहता है।
वही इस पूरे मामले पर एसपी ऑफिस पहुंचे मेडिकल स्टोर संचालक और युवक के पिता का कहना है कि मैरे परिवार ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है, हम हिंदू रीति रिवाज के हिसाब से पूजा अर्चना करते हैं, जिसकी वीडियो उनके द्वारा स्थानीय प्रशासन को दी गई है। वे सुबह शाम मंदिर जाते हैं। मंदिर में पूजा पाठ करते है और हिंदू धर्म में पूर्ण आस्था रखते हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ असमाजिक तत्व उनके पुत्र को विश्वास में लेकर धर्म परिवर्तन कराने में लगे हुए हैं। उनका पुत्र बढ़ी दाढ़ी का शौकीन है, लेकिन अब उसकी थोड़ी बड़ी हो रही है। वे जल्द ही अपने पुत्र को अपने पास बुला लेंगे। शामली पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा पूरे मामले की जांच करायी जायेगी और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


