DehradhunNews: देहरादून में देर रात तक चले विवाद और हंगामे के बाद पुलिस-प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए निहंग जत्थे को शांत कराया और उन्हें पांवटा साहिब की ओर रवाना कर दिया। चमोली के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद बृहस्पतिवार को निहंग जत्था कुल्हाल बैरियर तोड़कर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गया। इसके बाद जत्थे के कुछ सदस्य देर रात देहरादून के धर्मावाला की ओर बढ़ते देखे गए, जबकि कुछ निहंग तलवारें लहराते हुए आगे बढ़ रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जिलेभर में भारी फोर्स तैनात कर दी, लेकिन रात 1 बजे तक जत्था प्रेमनगर तक नहीं पहुंचा और उनकी सही लोकेशन भी स्पष्ट नहीं हो सकी। बाद में जानकारी मिली कि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी को पांवटा साहिब की ओर वापस भेज दिया। चंडीगढ़ से हिमाचल के रास्ते उत्तराखंड के लिए कूच कर रहे करीब 200 निहंगों को पुलिस-प्रशासन ने कुल्हाल चेक पोस्ट पर बैरियर लगाकर रोका था। इसके बाद पांवटा साहिब गुरुद्वारे में करीब दो घंटे तक प्रशासन, पुलिस और निहंग सिखों के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद कुछ निहंग लौट गए, जबकि 20 से 30 निहंग कुल्हाल पुल पार कर चेकपोस्ट पर पहुंच गए, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, यहां कई घंटे तक तनातनी चलती रही।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version