DehradunNews : बैरागीवाला में देर रात भाजपा ओबीसी मोर्चा के मीडिया प्रभारी विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से गांव में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है और हालात संवेदनशील बने हुए हैं। पुलिस-प्रशासन की तैनाती के बावजूद क्षेत्र में शांति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। देहरादून के विकासनगर स्थित बैरागीवाला में भाजपा नेता की हत्या के बाद शनिवार देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सुबह होते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर गांव में इकट्ठा हो गए। इसी दौरान भीड़ ने आरोपी के घर में आगजनी कर दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से आरोपी के मकान को ध्वस्त कर दिया। रंजिश में भाजपा नेता विनोद की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों और हिंदू संगठनों ने जमकर बवाल काटा। दूसरी ओर आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। हालात यह हुए कि कार्यकर्ता और लोगों की भीड़ में बड़ी संख्या में स्थानीय युवक और किशोर भी शामिल हो गए। भीड़ में लोग हाथों में लाठी-डंडे और जलावन लकड़ी लेकर आक्रोशित नजर आए। प्रदर्शनकारी धर्मस्थल और आरोपी के घर में घुसने की कोशिश करने लगे। कुछ युवक और कार्यकर्ता पास के मकानों की छतों पर भी चढ़ गए। पुलिस द्वारा लगातार रोकने के बावजूद भीड़ ने नियंत्रण नहीं माना और तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। इसके बाद देर रात तक कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर तैनात रही, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में घुसकर सामान तोड़ा
सुबह बवाल शुरू होने से पहले ही पुलिस की रोकथाम के बावजूद कुछ आक्रोशित कार्यकर्ता और लोग आरोपी के घर में घुस गए। भीड़ ने पहले घर के बाहर जमकर तोड़फोड़ की और फिर एक कमरे के अंदर घुसकर वहां भी सामान को नुकसान पहुंचाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को घर से बाहर निकाला और हालात पर नियंत्रण पाया।

युवक की हत्या सभी के लिए आघात: तोगड़िया
विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक समुदाय विशेष द्वारा युवक की हत्या बेहद दुखद और पूरे समाज के लिए आघात जैसी घटना है। उन्होंने दिल्ली के तरुण, गाजियाबाद के सूर्या और बैरागीवाला के विनोद की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाएगी और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति और लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि हर हिंदू को अपने स्तर पर सुरक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने मृतक के परिवार की मदद के लिए सामूहिक सहयोग की भी बात कही।


