देवरिया: यूपी के देवरिया (Deoria) में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 900 रुपये नकद, पीतल के कलश, घंटे, पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
Deoria में शातिर चोर गिरफ्तार
इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से भलुअनी, बनकटा और लार थाना क्षेत्रों के चार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को भलुअनी थाना क्षेत्र के बढ़या फुलवरिया गांव स्थित शिव मंदिर में अज्ञात चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मंदिर के वादी अमित तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Deoria के मंदिरों को निशाना बनाता था आरोपी अशफाक
मुखबिर की सूचना पर भलुअनी पुलिस ने सोनाडी मोड़ से बरौली की तरफ जाने वाले मार्ग के पास से आरोपी अशफाक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी की घटना स्वीकार की।
आज जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के मंदिरों में चोरी करने वाले एक अभियुक्त अशफाक पुत्र स्वर्गीय नूर आलम, निवासी थाना बरहज, जनपद देवरिया को थाना भलुअनी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उक्त के संबंध में विधिक कार्यवाही संबंधित क्षेत्राधिकारी बरहज श्रीमती रंजना सचान की बाइट । https://t.co/ApMizbtB6a
— DEORIA POLICE (@DeoriaPolice) November 25, 2026
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने सोहनपुर रामजानकी मंदिर, रामपुर बुजुर्ग हनुमान मंदिर और लार थाना क्षेत्र के देवामठ शिव मंदिर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
दो पीतल के कलश, तांबे का सर्प, पांच पीतल के घंटे बरामद
देवरिया (Deoria) पुलिस ने आरोपी के पास से 900 रुपये नकद, दो पीतल के कलश, तांबे का सर्प, पांच पीतल के घंटे, छह छोटी घंटियां, पांच पीतल के लोटे, एक पीतल का जग, दो बाल्टियां, पांच दीपक, अभिषेक पात्र, त्रिशूल, पीतल के गिलास, चौमुखा स्टैंड और अगरबत्ती स्टैंड सहित अन्य पूजा सामग्री बरामद की है।
ये भी पढ़ें: Deoria Fake Visa Office: विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा ऑफिस का भंडाफोड़, 73 पासपोर्ट बरामद
रिपोर्ट – कृष्णा नन्द गुप्ता


























