डिप्रेशन और मानसिक तनाव से जूझ रही थीं संचिता
टीवी इंडस्ट्री की उभरती हुई अभिनेत्री संचिता उगले की अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। अब उनकी करीबी दोस्त गीतांजलि ने इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गीतांजलि का कहना है कि संचिता पिछले छह महीनों से लगातार अपनी जिंदगी खत्म करने जैसी बातें कर रही थीं और गंभीर डिप्रेशन से गुजर रही थीं।
कई दिनों तक नहीं सो पाती थीं संचिता
गीतांजलि के अनुसार, संचिता की मानसिक स्थिति इस साल जनवरी से लगातार खराब होती जा रही थी। उन्होंने बताया कि अभिनेत्री कई बार लगातार चार से पांच दिनों तक बिना सोए रहती थीं और गहरे मानसिक तनाव तथा ट्रॉमा से जूझ रही थीं।टेली इंडिया टॉक से बातचीत में गीतांजलि ने कहा, “अगर कोई इंसान बार-बार कहे कि वो मरना चाहता है, तो यह अचानक लिया गया फैसला नहीं होता। पिछले छह महीनों से संचिता यही कह रही थी कि वो जीना नहीं चाहती।”
उनका कहना है कि संचिता के व्यवहार में लगातार बदलाव दिखाई दे रहा था और वह पहले जैसी खुशमिजाज नहीं रह गई थीं।
लीड रोल मिलने के बाद भी काम में नहीं लगता था मन
दोस्त के मुताबिक, करियर में अच्छे अवसर मिलने के बावजूद संचिता का काम में मन नहीं लग रहा था। गुजरात में एक शूटिंग पूरी करके लौटने के बाद उन्होंने गीतांजलि से कहा था कि उनका दिल काम में नहीं लग रहा है।
गीतांजलि ने बताया कि जब उन्होंने संचिता को समझाने की कोशिश की तो अभिनेत्री ने कहा, “मुझे किसी भी चीज़ में अच्छा नहीं लगता। ये कैसी जिंदगी है? मुझे बहुत तकलीफ होती है।”
प्रोडक्शन हाउस से विवाद की खबरों को बताया गलत
संचिता की मौत के बाद सोशल मीडिया पर प्रोडक्शन हाउस के साथ किसी विवाद की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि, गीतांजलि ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रोडक्शन टीम संचिता की मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित थी और उनकी मदद के लिए कई डॉक्टरों से भी संपर्क कराया गया था। गीतांजलि का यह बयान संचिता के पिता के दावों से भी मेल खाता है, जिन्होंने पहले कहा था कि उनकी बेटी डिप्रेशन से जूझ रही थी।
कैसे हुई संचिता उगले की मौत?
जानकारी के अनुसार, 14 जून की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच नालासोपारा ईस्ट के आचोले गांव स्थित साई संतोषी बिल्डिंग में यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, संचिता अपने कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली थीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


