KolkataNews: पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम ढह गया। हादसे में पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक भयानक हादसा हो गया। यहां ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम अचानक गिर गया। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मलबे के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे हो सकते हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
10 लोगों को निकाला गया बाहर
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे ब्रेस ब्रिज के पास हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि जब इमारत गिरी, तो मलबे के नीचे से लोगों के चीखने-चिल्लाने और मदद मांगने की आवाजें आ रही थीं। बचाव दल के सदस्य फंसे हुए लोगों को निकलने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त गोदाम की छत की ढलाई (कास्टिंग) का काम चल रहा था। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल का ढांचा तैयार हो चुका था और ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य जारी था। इस दौरान अचानक पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई, जिससे लोहे के भारी बीम और कंक्रीट का बड़ा ढेर लग गया और वहां काम कर रहे मजदूर नीचे दब गए।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि गोदाम के निर्माण में घटिया दर्जे की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि इस इलाके में पिछले काफी समय से बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण कार्य चल रहे हैं।


