LucknowNews: भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों में तय समय से अधिक बिजली दी जा रही है और कई जिलों में लगभग 24 घंटे तक सप्लाई दर्ज की गई है। बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए। उत्तर प्रदेश में इन दिनों प्रचंड गर्मी का असर साफ देखने को मिल रहा है। गर्मी के इस कठिन दौर में भी यूपी में बिजली व्यवस्था लगातार मजबूत बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में हुए सुधार को सरकार की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। योगी सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से 22.5 घंटे तक लगातार बिजली आपूर्ति की जा रही है। मैनपुरी, फिरोजाबाद समेत तमाम जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 24-24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। वहीं पीक डिमांड बिजली आपूर्ति करने में उत्तर प्रदेश ने अपने और देशभर के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 23 जून की रात 22.26 बजे यूपीपीसीएल ने रिकॉर्ड 32405 मेगावाट बिजली आपूर्ति की।


