MeerutNews: बिजनौर में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन करने को तैयार है।बिजनौर जिले के नजीबाबाद में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि 70 साल से राजनीतिक दलों ने मुसलमानों को नेतृत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से रोकने के लिए उनकी पार्टी किसी भी दल से गठबंधन करने को तैयार है। उन्होंने मुसलमानों से जागरूक होने का आह्वान किया। सोमवार रात आजाद चौक के निकट जनसभा में ओवैसी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों ने मुसलमानों को केवल वोट की राजनीति और दरी बिछाने तक सीमित रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुसलमानों को टिकट नहीं देती, जबकि सपा ने उन्हें गुलाम बनाकर रखा है। उन्होंने मुसलमानों से कहा कि यदि वे केवल वोटर बनकर रहेंगे तो उनके बच्चों का भविष्य नहीं संवरेगा और बुजुर्गों के लिए अस्पताल भी नहीं बनेंगे। भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ओवैसी ने कहा कि 200 साल पहले मस्जिदें थीं, थाने नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संभल की मस्जिद को शहीद कर दिया गया है और अब अन्य मस्जिदों को भी नोटिस दिए जा रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि वह बिजनौर और नजीबाबाद में लोगों को नेता बनाने आए हैं। इस दौरान उन्होंने नजीबाबाद के विधायक पर भी कटाक्ष किया।

























