दिल्ली-NCR सहित उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। 25 मई से शुरू हुए नौतपा के चलते अगले नौ दिनों तक तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर और तीखा हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार देश के 18 राज्यों में इस दौरान कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना है, जिससे कुछ इलाकों को आंशिक राहत मिल सकती है।

आज से नौतपा शुरू, क्या होता है?

नौतपा’ का अर्थ होता है नौ दिनों की तीव्र गर्मी और तपन। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ मास में जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तो तापमान में तेज बढ़ोतरी होती है। 25 मई के आसपास सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में जाने से सूर्य की किरणें पृथ्वी पर अधिक सीधी पड़ती हैं, जिससे गर्मी का असर और बढ़ जाता है। इन नौ दिनों में सामान्य से अधिक तापमान, भीषण गर्मी और लू की स्थिति देखने को मिलती है। हालांकि, नौतपा केवल मौसम से जुड़ी घटना नहीं है, बल्कि इसका संबंध मानसून और कृषि चक्र से भी माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान जितनी अधिक गर्मी और शुष्कता होगी, उतना ही अच्छा मानसून आने की संभावना रहती है। यह गर्मी समुद्री जल को गर्म करने में मदद करती है, जिससे बादल बनने की प्रक्रिया तेज होती है और खरीफ फसलों के लिए अनुकूल बारिश होने की उम्मीद बढ़ती है।

बारिश का अलर्ट: किन इलाकों में बरस सकते हैं बादल? 

देश के दक्षिणी हिस्सों—केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप—के साथ ही पूर्वोत्तर भारत और उससे लगे कुछ क्षेत्रों में अगले 4 से 5 दिनों तक कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम समेत देश के करीब 18 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 
दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा? जानें ताजा अपडेट

दिल्ली-NCR में इन दिनों भीषण गर्मी का असर जारी है। मौसम विभाग ने 25 से 27 मई तक राजधानी में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 25 मई को कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दोपहर के समय बाहर निकलते वक्त लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम?

उत्तर प्रदेश इन दिनों लू और गर्मी से तप रहा है. मौसम विभाग ने 25 से 28 मई तक लू के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर में तेज गर्मी और धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी यूपी में 25 से 29 मई के बीचबल्की बारिश भी होने की संभावना है.

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा? जानें ताजा वेदर अपडेट

राजस्थान इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने 25 से 30 मई तक राज्य के कई हिस्सों में तेज लू और अत्यधिक गर्मी की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है।जयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और उदयपुर जैसे शहरों में पारा पहले ही 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। 25 से 30 मई के बीच कई इलाकों में लू के साथ-साथ धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version