श्रावस्ती: पुरानी रंजिश में दलित महिला से मारपीट, पुलिस पर लापरवाही का आरोप, जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के रामनगर केरवनिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक दलित महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने उसे जमीन पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
गहने और नकदी छीनने का आरोप
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका झुमका, मटरमाला और करीब 5 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। घटना के बाद महिला और उसका परिवार दहशत में है।
चार दिन बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
महिला का कहना है कि उसने मामले की शिकायत स्थानीय थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक की है, लेकिन शिकायत के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची। पीड़िता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना में कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बुलंद होने की बात कही जा रही है। वहीं, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के दावों पर भी विपक्ष और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही पीड़िता
पीड़ित महिला का आरोप है कि कार्रवाई न होने के कारण वह न्याय की आस में अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट:- मनोज कुमार मिश्रा

