भारतीय राजनीति में Sonia Gandhi का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उन्होंने गांधी परिवार की विरासत को आगे बढ़ाया और अपने दम पर एक अलग राजनीतिक पहचान भी बनाई। अब उनके जीवन और सार्वजनिक सफर को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को घोषणा की कि Sonia Gandhi की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर एक तेलुगु फीचर फिल्म बनाई जाएगी। फिल्म में उनके जीवन के अलग-अलग पहलुओं के साथ उनके राजनीतिक सफर को भी दिखाया जाएगा।

कार्यकर्ताओं की बैठक में हुआ ऐलान
यह जानकारी जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान दी। उन्होंने संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगे आकर फिल्म के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की। बैठक में ही क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकांति अंजनेयुलु ने फिल्म निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा कर दी।
फिल्म की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से शुरू करने के लिए जग्गा रेड्डी ने 50 सदस्यों की एक समिति बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि इस पूरे काम की निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे।

कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए जग्गा रेड्डी ने कहा, “आप चुनावों में भी तो खर्च करते हैं, इसे भी वैसा ही खर्च मान लीजिए। आइए, मिलकर बजट जुटाएँ और एक अच्छा निर्देशक चुनें।” उन्होंने यह भी बताया कि तैयारियाँ पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को शूटिंग की शुरुआत के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
जग्गा रेड्डी के मुताबिक Sonia Gandhi की आत्मकथा की प्रतियाँ मँगवाकर पार्टी कार्यकर्ताओं में वितरित की जाएँगी। इसका मकसद यह है कि कार्यकर्ता उनके जीवन और अनुभवों को करीब से समझ सकें। इससे फिल्म के प्रति उनकी दिलचस्पी भी बढ़ेगी और वे इस पहल से भावनात्मक रूप से जुड़ पाएँगे।
फिल्म में क्या-क्या दिखेगा
जग्गा रेड्डी ने बताया कि फिल्म में सोनिया गांधी की जिंदगी के कई अहम पड़ाव शामिल होंगे। इनमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की माँ के रूप में उनका जीवन दिखाया जाएगा।

फिल्म में उस दौर का भी जिक्र होगा, जब इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद गांधी परिवार को गहरे संकट से गुजरना पड़ा। साथ ही यह भी दिखाया जाएगा कि कठिन हालात में सोनिया गांधी ने राहुल और प्रियंका की परवरिश कैसे की और आगे चलकर राजनीति में अपनी जगह कैसे बनाई। प्रधानमंत्री पद ठुकराने से लेकर कांग्रेस की कमान संभालने तक का पूरा सफर भी फिल्म का हिस्सा होगा।

यह भी पढ़ें-दिल्ली की हवा में कितना था जहर? CREA का दावा- दिवाली की रात PM2.5 का स्तर 400 तक जा सकता था
फिल्म अपनी शुरुआती योजना के चरण में है। निर्देशक, कलाकार, बजट और रिलीज की तारीख जैसी जानकारियाँ अभी सामने नहीं आई हैं। समिति के गठन और फंड जुटाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन पहलुओं पर तस्वीर साफ होगी। अब देखना यह होगा कि कार्यकर्ताओं की मदद से जुटाए जा रहे इस बजट के सहारे बनने वाली फिल्म दर्शकों तक कब और किस रूप में पहुँचती है। सोनिया गांधी की जीवन-यात्रा पर बनने वाली यह फिल्म राजनीतिक गलियारों के साथ आम दर्शकों में भी चर्चा का विषय बन सकती है।






















