नई दिल्ली: श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड को तगड़ा झटका लगा है. 2027 में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी आईसीसी ने श्रीलंका से छीन ली है. दरअसल आईसीसी ने श्रीलंकाई क्रिकेट पर वहां की सरकार के दखल को लेकर आपत्ति जाहिर करते हुए ये मेजबानी वापस ली है.
ICC ने क्यों छीन ली मेजबानी
आईसीसी के इस फैसले के बाद अब 14 से 28 फरवरी तक खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट किसी और देश में आयोजित किया जाएगा. इसमें दुनिया की 6 महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी.
बता दें कि श्रीलंका में क्रिकेट बोर्ड का कामकाज वहां की स्थानीय सरकार द्वारा बनाई गए कमेटी नियंत्रित कर रही है. यही से समस्या शुरू हुई. आईसीसी के नियमों के मुताबिक किसी भी देश के क्रिकेट बोर्ड को सरकार के हस्तक्षेप के बिना स्वतंत्र रूप से काम करना होता है.
आईसीसी के इस फैसले की पुष्टि श्रीलंका क्रिकेट के ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के सचिव प्रकाश शाप्टर ने भी की है. उन्होंने कहा कि अब यह टूर्नामेंट श्रीलंका की जगह किसी दूसरे देश में आयोजित होगा. वो कौन सा देश होगा इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
2023 में लगी थी श्रीलंकाई टीम पर पाबंदी
बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब आईसीसी ने श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई की है. इससे पहले साल 2023 में भी श्रीलंका को आईसीसी की पाबंदी झेलनी पड़ी थी.
2023 में आईसीसी ने श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड को इंटरनेशनल मैचों से निलंबित कर दिया . इसके बाद अगले साल यानी की 2024 में भी अंडर 19 वर्ल्ड कप की मेजबानी श्रीलंका से छीनकर साउथ अफ्रीका को दे दी गई थी.
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


