लखनऊ: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं के सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री श्री दयाशंकर सिंह ने आगामी 04 सितम्बर 2026 को मनाए जाने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर प्रदेश में बसों, बस स्टेशनों पर मजबूत परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

परिवहन मंत्री ने विशेष रूप से मथुरा, वृन्दावन और गोवर्धन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित अत्यधिक भीड़ को देखते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा, सुचारु परिवहन व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बस संचालन पर विशेष निगरानी

पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मथुरा-वृंदावन और अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर संचालित बसों की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

परिवहन निगम के एमडी श्रीप्रभु एन सिंह ने परिवहन मंत्री के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी क्षेत्रीय-सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बस स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों और धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

संदिग्ध लोगों और सामानों की निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत बसों और बस स्टेशनों पर संदिग्ध लोगों और सामानों की प्रभावी निगरानी करने, आवश्यकता पड़ने पर चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचित करने को कहा गया है।

भीड़भाड़ वाले बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों को यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप परिवहन सेवाओं का संचालन व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आकस्मिक स्थिति से निपटने की भी तैयारी

परिवहन विभाग ने पर्व के दौरान बसों के संचालन के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है, ताकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा फोकस

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धार्मिक स्थलों की ओर जाने की संभावना है। ऐसे में परिवहन विभाग का मुख्य फोकस सुरक्षित यात्रा, पर्याप्त बसों की उपलब्धता, भीड़ का सुचारु प्रबंधन और बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने पर रहेगा।

रिपोर्ट -रुद्र प्रताप सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version