UttarpradeshNews: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली मंडल का दो दिवसीय दौरा सोमवार से शुरू हुआ। उनका विमान सुबह करीब 11:10 बजे बरेली एयरपोर्ट पर पहुंचा, जिसके बाद वे हेलिकॉप्टर से पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका स्वागत बंगाली परंपरा के अनुसार किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों को बड़ी राहत देते हुए कई महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव में 569.11 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र भी सौंपे। इसके साथ ही, 106 बंगाली समाज के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी दिए गए। इस कदम से उन्हें देश के पूर्ण नागरिक होने का अधिकार मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि 55-56 वर्ष पहले बांग्लादेश से प्रताड़ित कर निकाले गए परिवारों को पीलीभीत में पुनर्वासित किया गया है। इन परिवारों को अब भारतीय नागरिकता भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह इन लोगों के लिए एक नया जीवन है। यह प्रमाण पत्र मिलने के बाद कोई भी ताकत इन्हें यहां से निकाल नहीं सकती। अब इन्हें कोई पराया नहीं कह सकता। इन परिवारों को अपनी विरासत संरक्षित करने का मंच मिल गया है। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का बंगाली परंपरा से स्वागत किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे। बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने संबोधन के दौरान सीएम योगी से चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की मांग की। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन सुविधा मुहैया कराने पर सरकार की सराहना की।




























