फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या के मामले में पुलिस अब आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में जुट गई है। एसएसपी ने जांच टीम को निर्देश दिए हैं कि 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल की जाए, ताकि फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द सुनवाई शुरू हो सके।
इस बीच मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसे पीड़ित परिवार ने पुलिस को सौंपा है। ऑडियो में आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए मामले को दबाने की कोशिश करता सुनाई दे रहा है। उसने कथित तौर पर पीड़ित पक्ष को 21 से 25 लाख रुपये देने की बात भी कही और समझौते की गुहार लगाई।
ऑडियो में आरोपी अपने प्रभाव और जान-पहचान का भी जिक्र करता है। वह कहता है कि मामला किसी विधायक या मंत्री तक न पहुंचे, इसलिए परिवार के लोग बीच में पड़कर उसे बचा लें। वह यह भी दावा करता है कि पूरा इलाका उसके प्रभाव क्षेत्र में आता है।
हालांकि, बातचीत के कुछ घंटों बाद ही फिरोजाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस की कई टीमें फिलहाल इस मामले से जुड़े सभी सबूत जुटाने में लगी हैं। जांच में सीसीटीवी फुटेज को सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। इसके अलावा आरोपी की कॉल डिटेल, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पीड़ित परिवार को दी गई कथित धमकियों को भी अदालत में पेश किया जाएगा।

क्या था पूरा मामला?
शनिवार दोपहर शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने कथित तौर पर अपनी रिश्तेदार रती से शादी करने की जिद पूरी न होने पर उसके डेढ़ साल के बेटे आरव को सड़क पर पटक-पटककर मार डाला। इस दिल दहला देने वाली घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।


